Inkhabar Haryana, Haryana Weather Update: हरियाणा के कई जिलों में रविवार देर रात मौसम ने अचानक करवट ली, जिससे भारी नुकसान देखने को मिला। राज्य के 12 जिलों—अंबाला, जींद, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, पानीपत, यमुनानगर, रोहतक, सिरसा, फतेहाबाद, सोनीपत और नूंह—में तेज बारिश हुई। पानीपत और यमुनानगर में तो ओले भी गिरे, जिससे खेतों और मंडियों में पहले से कटी पड़ी फसलों को भारी क्षति पहुंची है।
बारिश और ओलावृष्टि का सबसे बड़ा असर राज्य की कृषि व्यवस्था पर पड़ा है। मंडियों में खुले में पड़ी 15 लाख टन से ज्यादा गेहूं की बोरियां भीग गई हैं, जिससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया। अब चिंता यह है कि यह अनाज खराब न हो जाए, जिससे किसानों के साथ-साथ सरकारी खरीद पर भी असर पड़ सकता है।
तेज हवाओं और बारिश के चलते हरियाणा में तापमान में खासी गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि रविवार को महेंद्रगढ़ राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बाकी जिलों में तापमान सामान्य से नीचे रहा।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि यह असमान्य मौसम आज भी पूरे हरियाणा में बना रहेगा और बारिश की संभावना है। पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में 50-75% संभावना। कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, पानीपत और सोनीपत में 25-50% संभावना। बाकी जिलों में 25% तक बारिश की संभावना जताई गई है।