कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
IMD ने यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसका मतलब है कि इन जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हो सकता है। वहीं पंचकूला, अंबाला, जींद, रोहतक, चरखी दादरी और रेवाड़ी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जो हल्की से मध्यम बारिश की संभावना को दर्शाता है।
यमुनानगर में सबसे अधिक बारिश
यमुनानगर जिले में मानसून ने जमकर मेहरबानी दिखाई है। बीती रात जिले में तेज बारिश हुई और मंगलवार सुबह से रुक-रुक कर बूंदाबांदी जारी है। किसानों को इससे कुछ राहत तो मिली है, लेकिन साथ ही कुछ इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन गई है। अब तक इस पूरे सीजन में यमुनानगर में सबसे अधिक 557.5 एमएम बारिश दर्ज की गई है। इसके बाद महेंद्रगढ़ में 543.9 एमएम वर्षा दर्ज हुई है।
कैथल और जींद में कम बारिश
जहां एक ओर कुछ जिलों में बारिश औसत से कहीं अधिक हुई है, वहीं कुछ जिलों में अब भी वर्षा की कमी दर्ज की गई है। कैथल जिले में सबसे कम 143.9 एमएम और जींद में 144.3 एमएम बारिश हुई है, जो कि इस समय तक अपेक्षित औसत से काफी कम है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, हरियाणा में 4 अगस्त तक 227.5 एमएम औसतन बारिश होनी चाहिए थी, जबकि 277.3 एमएम बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है। यानी इस बार मानसून सामान्य से 22 प्रतिशत अधिक सक्रिय रहा है।