Advertisement
Advertisement
होम / Haryana Weather Update: हरियाणा में सुबह हुई झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहाना, तापमान में भी आई गिरावट

Haryana Weather Update: हरियाणा में सुबह हुई झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहाना, तापमान में भी आई गिरावट

BY: • LAST UPDATED : May 26, 2025
Inkhabar Haryana, Haryana Weather Update: हरियाणा में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। रविवार सुबह से प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए हुए हैं और कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हो रही है। इस बदले मौसम का असर तापमान पर भी साफ देखा जा रहा है, जहां अधिकतम तापमान में 6.9 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।

सुबह की शुरुआत बारिश के साथ

पलवल में रविवार सुबह करीब 7:30 बजे से लगातार बारिश हो रही है, जिससे तापमान में ठंडक घुल गई है और मौसम सुहावना हो गया है। वहीं, नूंह और झज्जर जिलों में रुक-रुक कर बूंदाबांदी हो रही है, जिससे स्थानीय लोगों को गर्मी से राहत मिली है। पानीपत में भी सुबह-सुबह हल्की बारिश देखने को मिली, जबकि भिवानी, रोहतक, गुरुग्राम, सोनीपत और नारनौल में घने बादल छाए हुए हैं, जिससे आने वाले घंटों में बारिश की संभावना जताई जा रही है।

कुछ जिलों में साफ रहा मौसम

प्रदेश के कुछ जिले जैसे फतेहाबाद, यमुनानगर और जींद में अब तक मौसम साफ बना हुआ है, हालांकि बादलों की आवाजाही जारी है। यमुनानगर में हालांकि मौसम फिलहाल साफ है, लेकिन मौसम विभाग ने यहां अगले कुछ घंटों में बारिश की संभावना जताई है।

Advertisement

मौसम विभाग की चेतावनी

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज प्रदेश के चार जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में 25 प्रतिशत तक बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा, फरीदाबाद में शनिवार देर रात बारिश दर्ज की गई, जिससे सुबह तक भीगी फिज़ा देखने को मिली। मौसम विभाग का पूर्वानुमान बताता है कि प्रदेश में अगले चार दिनों तक लगातार बारिश हो सकती है। इसके चलते किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वहीं, बारिश के चलते तापमान में भी भारी गिरावट देखने को मिली है।

तापमान में गिरावट से मिली राहत

बारिश के बाद प्रदेश के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान में 6.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है, जिससे यह सामान्य से करीब 7.6 डिग्री नीचे पहुंच गया है। हालांकि, रविवार को भिवानी जिले का तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूरे प्रदेश में सबसे अधिक रहा।