Inkhabar Haryana, Haryana Weather Update: हरियाणा में इस बार मानसून ने उम्मीद से ज्यादा रंग दिखाए हैं। अगस्त माह के अंत तक मौसम विभाग जितनी वर्षा का अनुमान जता रहा था, उससे 10 प्रतिशत अधिक बारिश पहले ही दर्ज हो चुकी है। रविवार को हुई झड़ीदार बारिश ने इस रिकॉर्ड को और मजबूत कर दिया है। बारिश के कारण कई जिलों में सड़कों पर पानी भर गया, जिससे आमजन को परेशानी झेलनी पड़ी।
रविवार को इन जिलों में हुई थी बारिश
रविवार को प्रदेश के भिवानी, हिसार, महेंद्रगढ़, रोहतक, जींद, कैथल, फतेहाबाद, कुरुक्षेत्र, सिरसा, झज्जर, चरखी दादरी, रेवाड़ी और अंबाला जिलों में झमाझम बारिश हुई। कई स्थानों पर थोड़ी देर की बारिश ने ही शहर की सड़कों को तालाब बना दिया। खासकर फतेहाबाद में पानी निकासी की स्थिति बिगड़ने से लोगों को आवागमन में दिक्कत आई।
23 अगस्त तक ही मानसून सामान्य अनुमान से 10 प्रतिशत ज्यादा वर्षा दे चुका है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, रविवार देर रात तक हुई बारिश ने यह अंतर और बढ़ा दिया है। इसका सीधा असर खरीफ फसलों पर भी देखने को मिलेगा। किसानों को सिंचाई की लागत कम होने के साथ-साथ अच्छी पैदावार की उम्मीद है।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने सोमवार के लिए हरियाणा के 9 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। इन जिलों में पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह (मेवात) और पलवल शामिल हैं। विभाग ने यहां यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें से पांच जिलों अंबाला, यमुनानगर, पंचकूला, करनाल और पानीपत में भारी बारिश के आसार हैं। वहीं बाकी जिलों में 50 से 75 प्रतिशत क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।