Inkhabar Haryana, Haryana Weather Update: हरियाणा में गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, सोमवार 21 जुलाई से राज्य में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। विभाग ने राज्य के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है, जिससे तापमान में गिरावट और मौसम में ठंडक आने की उम्मीद है।
सुबह से शुरू हुआ मौसम का बदलाव
सोमवार सुबह से ही राज्य के कुछ हिस्सों में आसमान में घने बादल छाए रहे और ठंडी हवाओं का अहसास हुआ। खासकर पंचकूला जिले में सुबह से ही हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।
किन जिलों में हो सकती है बारिश?
IMD ने जानकारी दी है कि सोमवार को हरियाणा के यमुनानगर, अंबाला, पंचकुला, करनाल, कुरुक्षेत्र और कैथल जिलों तथा इनके आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना भी जताई गई है, जिससे किसानों और आमजन को राहत मिलने की उम्मीद है।
तीन घंटे का विशेष अलर्ट जारी
चंडीगढ़ मौसम विभाग की ओर से सुबह साढ़े 10 बजे तक के लिए एक तीन घंटे का अलर्ट जारी किया गया है। इसमें हरियाणा की इंद्री, रादौर, नीलोखेड़ी, थानेसर, गुहला, पिहोवा, शाहाबाद, अंबाला, कालका, बराड़ा, जगाधरी, छछरौली, नारायणगढ़ और पंचकूला तहसीलों को शामिल किया गया है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है, वहीं कुछ क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।