Inkhabar Haryana, Haryana Weather Update: हरियाणा में अगस्त के मध्य में एक बार फिर से मानसून की गतिविधियां तेज होने जा रही हैं। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने जानकारी दी है कि आज 13 अगस्त को जीटी रोड बेल्ट के पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
मानसून की मौजूदा स्थिति
मानसून ट्रफ की उत्तर-पश्चिमी सीमा इस समय बठिंडा, पटियाला, देहरादून होते हुए उत्तर-पूर्व अरुणाचल प्रदेश से सटे हिमालय की तलहटी के क्षेत्रों के आसपास बनी हुई है। वर्तमान में यह ट्रफ थोड़ी नीचे खिसकी है, जिसके चलते हरियाणा में बारिश की गतिविधियों में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।
इन जिलों में होगी बारिश
आज के दिन उत्तरी हरियाणा के जिलों विशेष रूप से पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं पश्चिमी और दक्षिणी हरियाणा के कुछ हिस्सों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।
14 अगस्त से बदलाव
14 अगस्त से मौसम में और बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, मानसून ट्रफ का दूसरा सिरा उत्तर-पूर्व में थोड़ा नीचे खिसककर बंगाल की खाड़ी की ओर आएगा। इसके चलते हरियाणा के अधिकतर हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ जाएंगी और कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश हो सकती है।