Inkhabar Haryana, Haryana Weather Update: हरियाणा में बीते कुछ दिनों से मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। बारिश और ओलावृष्टि के कारण प्रदेश में एक बार फिर ठंड लौट आई है। जहां कुछ दिन पहले तक दिन का तापमान 28 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच था, वहीं अब यह 22 से 24 डिग्री तक गिर गया है। इसके चलते लोगों को फिर से सर्दी का एहसास होने लगा है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक इसी प्रकार का मौसम बने रहने की संभावना जताई है।
हरियाणा के कई जिलों में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। सिरसा और हिसार के बालसमंद में तापमान 21 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि तीन दिन पहले यह 28 डिग्री के पार था। वहीं, हिसार में अधिकतम तापमान 22.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री कम है।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, आने वाले 2-3 दिनों में अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन रात्रि तापमान में और गिरावट की संभावना है। इसके अलावा, 26 और 27 फरवरी को एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिससे प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 24 फरवरी तक उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने से रात्रि तापमान में हल्की गिरावट जारी रहेगी। हालांकि, 25 और 26 फरवरी के दौरान पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से हवाओं में बदलाव देखने को मिलेगा और आंशिक बादलवाई रह सकती है, जिससे दिन के तापमान में मामूली गिरावट संभव है।