




Inkhabar Haryana, Haryana Weather Update: हरियाणा में मानसून की चाल फिलहाल धीमी पड़ती नजर आ रही है। वीरवार सुबह से मौसम विभाग ने जहां 80 से 90 प्रतिशत बारिश की संभावना जताई थी, वहीं दिन चढ़ते ही आसमान एकदम साफ हो गया और तेज धूप ने लोगों की परेशानी को और बढ़ा दिया। उमस भरी गर्मी ने आमजन का हाल बेहाल कर दिया। पूरे दिन लोग पसीने से तरबतर नजर आए और राहत की कोई उम्मीद नजर नहीं आई।
वीरवार की सुबह कुछ जगहों पर बादल जरूर नजर आए, जिससे लोगों को उम्मीद जगी कि शायद मौसम सुहावना हो जाए। दोपहर के समय थोड़ी देर के लिए बादल छाए भी, लेकिन यह राहत ज्यादा देर नहीं टिक सकी। बादलों के छंटते ही धूप तेज हो गई और गर्मी ने पूरे राज्य को अपनी चपेट में ले लिया। अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे गर्मी और उमस ने मिलकर लोगों को दिनभर परेशान किया।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार और शनिवार को हरियाणा के ज्यादातर जिलों में बारिश की संभावना काफी कम है। राज्य के 14 जिलों में मौसम साफ रहने की बात कही गई है। हालांकि पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत और सोनीपत में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रह सकती है। इन जिलों में स्थानीय बादलों के कारण कुछ जगह बूंदाबांदी या छिटपुट बारिश हो सकती है, लेकिन बड़े स्तर पर बारिश की उम्मीद नहीं की जा रही है। इसके अलावा, शनिवार को किसी भी जिले के लिए बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 27 जुलाई से एक बार फिर से मानसून हरियाणा में सक्रिय होगा और राज्यभर में बारिश का एक नया दौर शुरू हो सकता है। इस दिन पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत और सोनीपत जैसे जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इसका मतलब है कि इन इलाकों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की पूरी संभावना है।




