Inkhabar Haryana, Haryana Weather Update: हरियाणा में मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कमजोर पड़ने से दिन के तापमान में एक बार फिर वृद्धि होने लगी है। वहीं, रात का तापमान लगातार गिर रहा है, जिससे दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर देखा जा रहा है।
दो शहरों में 30 डिग्री के पार तापमान
प्रदेश में दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने लगा है। खासतौर पर महेंद्रगढ़ और फरीदाबाद में तापमान 30 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया, जिससे लोगों को दिन के समय हल्की गर्मी का एहसास होने लगा है। तापमान बढ़ने के पीछे मुख्य कारण उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं का कमजोर पड़ना माना जा रहा है, जिससे दिन में धूप तेज महसूस हो रही है।
11 शहरों में तापमान 10 डिग्री से नीचे
दिन के तापमान में बढ़ोतरी के बावजूद, हरियाणा की रातें अब भी ठंडी बनी हुई हैं। प्रदेश के 11 शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। इनमें हिसार, करनाल, नारनौल, रोहतक, सिरसा, गुरुग्राम, जींद, कुरुक्षेत्र, महेंद्रगढ़, पानीपत और सोनीपत शामिल हैं। रात के तापमान में सबसे ज्यादा गिरावट हिसार जिले में दर्ज की गई। यहां का तापमान सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस कम हो गया है। हिसार के बालसमंद क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूरे हरियाणा में सबसे कम रहा। इससे साफ है कि दिन और रात के तापमान में भारी अंतर बना हुआ है।
कैसा रहेगा आगे का मौसम?
मौसम विशेषज्ञ के मुताबिक, हिसार के अनुसार, 9 मार्च तक हरियाणा का मौसम परिवर्तनशील लेकिन शुष्क रहने की संभावना है। इसका मतलब है कि फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा।