Inkhabar Haryana, Haryana Weather Update: हरियाणा में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। भारतीय मौसम विभाग ने मंगलवार, 13 मई के लिए राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है। विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों में हरियाणा के कुछ जिलों में मौसम खराब रहने की आशंका है, जबकि बाकी जिलों में मौसम सूखा बना रहेगा।
7 जिलों में हल्की बारिश की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 13 मई को हरियाणा के सात जिलों—सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, रोहतक, सोनीपत और पानीपत—में बारिश की 25 प्रतिशत तक संभावना है। इन क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी के साथ आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। इसके अलावा, गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी दी गई है, जिनकी रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है।
गुरुग्राम सबसे गर्म
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्यभर में अधिकतम तापमान में हल्का बदलाव दर्ज किया गया है। सबसे अधिक वृद्धि गुरुग्राम में देखी गई, जहां तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस का इजाफा हुआ और अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं, पंचकूला में सबसे ज्यादा गिरावट देखी गई, जहां पारा 0.9 डिग्री लुढ़का और अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस रहा।