Inkhabar Haryana, Haryana Weather Update: हरियाणा में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने रविवार रात से ही प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई थी, जो सोमवार सुबह हकीकत में बदलती दिखी। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने सोमवार, 11 अगस्त के लिए हरियाणा के 8 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह और पलवल शामिल हैं।
यमुनानगर में रातभर बारिश
रविवार रात से ही यमुनानगर में तेज बारिश हो रही है। लगातार हो रही बरसात के चलते यहां सुबह 11 बजे तक के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, इस दौरान भारी से बहुत भारी बारिश के साथ-साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
अंबाला और कुरुक्षेत्र में भी सतर्कता
अंबाला जिले के कुछ हिस्सों में भी मौसम विभाग ने तेज बारिश की चेतावनी दी है। इसके साथ ही, कुरुक्षेत्र और पंचकूला में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इसका मतलब है कि इन इलाकों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है, जिससे जलभराव और स्थानीय यातायात में बाधा जैसी स्थितियां पैदा हो सकती हैं।
अन्य जिलों में बादल छाए रहे
गुरुग्राम, सोनीपत, झज्जर, नूंह और रेवाड़ी समेत कई जिलों में सोमवार सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, पूरे प्रदेश में 14 अगस्त तक मौसम खराब बना रह सकता है, और इस दौरान बारिश का दौर रुक-रुक कर चलता रहेगा।