Inkhabar Haryana, Haryana Weather Update: हरियाणा में गर्मी ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। अप्रैल की शुरुआत के साथ ही प्रदेश में तापमान तेजी से बढ़ा है और अब भीषण लू ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के अधिकतर जिलों के लिए लू का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। हालांकि, करनाल और यमुनानगर को इस अलर्ट से फिलहाल बाहर रखा गया है।
डॉक्टरों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने इस बढ़ती गर्मी के चलते लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है, खासकर बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों के लिए ये समय चुनौतीपूर्ण हो सकता है। वहीं, गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे शहरी इलाकों में स्थानीय प्रशासन ने विशेष एडवाइजरी जारी की है, जिसमें दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने की हिदायत दी गई है।
इस साल पहली बार सोमवार को हरियाणा में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। सबसे गर्म जिला रोहतक रहा, जहां का तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को अधिकतम तापमान में औसतन 1.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखी गई। यह तापमान सामान्य से 4.9 डिग्री सेल्सियस अधिक था, जो गर्मी के असामान्य स्तर को दर्शाता है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 9 अप्रैल की रात से पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के चलते प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल सकता है। 10 और 11 अप्रैल को हरियाणा के अधिकांश इलाकों में आंशिक बादलवाई और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या छिटपुट बूंदाबांदी की संभावना है। इस बदलाव के चलते 12 और 13 अप्रैल को दिन के तापमान में हल्की गिरावट देखी जा सकती है, जिससे लोगों को कुछ हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों को विशेष सावधानी बरतने की अपील की है:
दोपहर 12 से 3 बजे तक धूप में निकलने से बचें
हल्के और ढीले कपड़े पहनें
पानी का अधिक सेवन करें
बुजुर्ग और छोटे बच्चों की विशेष देखभाल करें