Inkhabar Haryana, Haryana weather Update: हरियाणा में 30 जुलाई की सुबह जैसे ही लोगों ने आंखें खोलीं, आसमान में बादल छाए हुए थे और कई जिलों में रुक-रुककर बारिश हो रही थी। यह मॉनसून की एक सक्रिय लहर का संकेत था, जिसने प्रदेश के मौसम को पूरी तरह से बदल दिया। पानीपत, सिरसा, फतेहाबाद और हिसार जैसे जिलों में सुबह से ही बारिश के कारण मौसम सुहावना हो गया है और तापमान में तेज गिरावट देखी गई है।
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ ने मंगलवार को हरियाणा के 16 जिलों के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में हिसार, फतेहाबाद, करनाल, जींद, पानीपत, कैथल, महेंद्रगढ़, भिवानी, चरखी दादरी, रेवाड़ी, रोहतक, सोनीपत, सिरसा, कुरुक्षेत्र, अंबाला और पंचकूला शामिल हैं। विभाग ने तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।
तापमान में भारी गिरावट
बारिश के चलते हरियाणा के कई हिस्सों में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार को सिरसा जिले में अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था, जबकि मंगलवार सुबह यह तापमान काफी कम होकर 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया। वहीं, राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान यमुनानगर जिले में 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।