Inkhabar Haryana, Haryana Weather Update: हरियाणा इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। राज्यभर में तापमान तेजी से बढ़ता जा रहा है और गर्म हवाओं ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार को राज्य के 9 जिलों में लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, कुछ जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट भी घोषित किया गया है। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में स्थिति और भी विकट हो सकती है, क्योंकि प्रदेश में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
Haryana Weather Update: आसमान से बरस रही आग! हरियाणा में गर्मी ने तोड़े रिकॉर्ड, लू की चपेट में कई जिले
इन जिलों में जारी रेड अलर्ट
IMD चंडीगढ़ केंद्र के अनुसार, 13 जून को हरियाणा के सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी जिलों में लू का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में दिन के समय गर्म हवाएं इतनी तीव्र हैं कि लोगों को बाहर निकलने में परेशानी हो रही है और स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ सकता है।
वहीं गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, मेवात, जींद, पानीपत और सोनीपत में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसका मतलब है कि इन जिलों में भी गर्मी का प्रभाव गंभीर है और एहतियात बरतना अनिवार्य है। इसके अलावा पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। इन इलाकों में भी लू का असर है, लेकिन खतरा तुलनात्मक रूप से थोड़ा कम है।
सिरसा बना सबसे गर्म जिला
गुरुवार को हरियाणा का सबसे गर्म जिला सिरसा रहा, जहां अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बुधवार के मुकाबले यहां 0.8 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। पूरे प्रदेश में औसतन तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक बना हुआ है, जो चिंता का विषय है।
तापमान में उतार-चढ़ाव, लेकिन राहत नहीं
पिछले 24 घंटों में तापमान में थोड़ी बहुत बढ़त और गिरावट देखी गई। हिसार में सबसे ज्यादा 1.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे वहां का अधिकतम तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस हो गया। वहीं, करनाल में तापमान में 1.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, जिससे अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस रहा।