Inkhabar Haryana, Haryana Weather Update: हरियाणा के विभिन्न हिस्सों में इन दिनों मौसम अजब करवट ले रहा है। कभी चटक धूप निकलती है तो कुछ ही देर बाद बादल घिर आते हैं और तेज बारिश शुरू हो जाती है। बारिश के बाद जब लोग राहत की सांस लेते हैं, तभी तेज हवाएं और बढ़ती उमस उन्हें फिर से परेशान करने लगती है। लगातार बदलते इस मौसम ने लोगों की दिनचर्या पर असर डाला है और सेहत पर भी असर पड़ने लगा है।
उमस ने बढ़ाई चिंता
बीते कुछ दिनों में बारिश ने गर्मी से थोड़ी राहत जरूर दी है, लेकिन जैसे ही बारिश थमती है, तेज़ उमस लोगों को बेहाल कर देती है। खासकर फरीदाबाद, गुरुग्राम के इलाकों में उमस का स्तर काफी अधिक है, जिससे घर के बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। सुबह और शाम के समय हल्की ठंडी हवाएं चल रही हैं, लेकिन दिन में चिपचिपी गर्मी परेशान कर रही है।
हरियाणा के 8 जिलों में यलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने हरियाणा के 8 जिलों यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल – में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे खुले स्थानों पर सावधानी बरतें और मौसम से जुड़ी जानकारी पर नजर बनाए रखें।