Advertisement
Advertisement
होम / Haryana Weather Update: हरियाणा में तापमान में उतार-चढ़ाव जारी, उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते सुबह-शाम ठंड, दिन में तेज धूप

Haryana Weather Update: हरियाणा में तापमान में उतार-चढ़ाव जारी, उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते सुबह-शाम ठंड, दिन में तेज धूप

BY: • LAST UPDATED : March 7, 2025
Inkhabar Haryana, Haryana Weather Update: हरियाणा में इन दिनों मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव के कारण तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव जारी है। जहां सुबह और शाम को हल्की ठंड महसूस की जा रही है, वहीं दिन के समय खिली धूप के चलते गर्मी बढ़ने लगी है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे होली के बाद दिन में गर्मी का अहसास होगा।

सुबह-शाम ठंड लेकिन दिन में गर्मी

हरियाणा के कई जिलों में दिन का तापमान 28 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच गया है। खासतौर पर हिसार, नारनौल-महेंद्रगढ़, सिरसा, चरखी दादरी, फरीदाबाद और पलवल में गर्मी बढ़ने लगी है। महेंद्रगढ़ में सबसे अधिक 30.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा और इसके बाद धीरे-धीरे और बढ़ेगा।

सर्द हवाओं की गति धीमी होने से तापमान में वृद्धि हो रही है। हालांकि, सुबह और शाम के समय ठंड का अहसास बरकरार है। दिन में तेज धूप के आगे ठंडी हवाएं ज्यादा असर नहीं दिखा पा रही हैं। मौसम विभाग का कहना है कि मार्च के दूसरे सप्ताह से ठंड का असर कम हो जाएगा और गर्मी का अहसास बढ़ने लगेगा।

Advertisement

9 से 12 मार्च के बीच आएंगे दो पश्चिमी विक्षोभ

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 9 मार्च और 12 मार्च को दो कमजोर पश्चिमी विक्षोभ हरियाणा में सक्रिय होंगे। इसके चलते तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। हालांकि, इन पश्चिमी विक्षोभों का प्रभाव ज्यादा नहीं होगा। इसके साथ ही उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना बनी हुई है।

होली के बाद बढ़ेगी गर्मी

विशेषज्ञों का कहना है कि होली के बाद हरियाणा में गर्मी बढ़ने लगेगी। दिन का तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा और रात में तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। मार्च के अंत तक गर्मी का प्रभाव और ज्यादा महसूस किया जा सकता है।