Inkhabar Haryana, Haryana Weather Update: हरियाणा में फरवरी के महीने में ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। राज्य के कई जिलों में तापमान 28 डिग्री के पार चला गया है, जिससे लोगों को असमय गर्मी का अहसास हो रहा है। हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में बदलाव होने जा रहा है। 14 से 16 फरवरी के बीच प्रदेश के कुछ इलाकों में बूंदाबांदी की संभावना है, जिससे तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
फरवरी में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी
हाल के दिनों में हरियाणा में तापमान लगातार बढ़ रहा है। यमुनानगर, रोहतक, फरीदाबाद, पलवल, महेंद्रगढ़, नारनौल और गुरुग्राम जैसे जिले सबसे ज्यादा गर्म रहे हैं। इनमें से अधिकांश जिले दक्षिण हरियाणा के हैं, जहां फरवरी में ही तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया है।
हिसार में भी तापमान ने पिछले 14 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। सोमवार को अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, हालांकि बुधवार को इसमें मामूली गिरावट आई और यह 26.9 डिग्री दर्ज किया गया। यह पहली बार है जब फरवरी के पहले पखवाड़े में तापमान 28 डिग्री को पार कर गया।
मौसम में बदलाव की संभावना
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 14 से 16 फरवरी के बीच हरियाणा के कई हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं। 16 फरवरी को दक्षिण-पश्चिमी जिलों में हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है, जिससे दिन के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज हो सकती है।