Inkhabar Haryana, Haryana Weather Update: हरियाणा में मई के आखिरी दिन मौसम ने अचानक करवट ली है। जहां पिछले कुछ दिनों से प्रदेश भीषण गर्मी की चपेट में था, वहीं अब बादलों की आवाजाही और हल्की से मध्यम बारिश ने लोगों को बड़ी राहत दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के चंडीगढ़ केंद्र8 के अनुसार शनिवार, 31 मई को हरियाणा के कई जिलों में गरज के साथ बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। इससे तापमान में खासी गिरावट दर्ज की गई है और प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल रही है।
बारिश की संभावना और प्रभावित जिले
मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार, हरियाणा के 17 जिलों में शनिवार को मौसम खराब रह सकता है। इन जिलों में बादल छाए रहेंगे और 25 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की भी संभावना है।
प्रभावित जिलों में प्रमुख रूप से पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात शामिल हैं — जहां बारिश की संभावना 25-50% तक बताई गई है।
वहीं, कैथल, जींद, पानीपत, सोनीपत, रोहतक और झज्जर जैसे जिलों में भी लगभग 25% बारिश होने के आसार हैं। इसके अलावा शेष जिलों में मौसम शुष्क बना रह सकता है।
तेज़ हवाएं और बिजली गिरने का अलर्ट
तेज़ हवाओं की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे किसानों और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। साथ ही गरज के साथ बिजली गिरने की संभावना भी है, इसलिए खुले क्षेत्रों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए।
तापमान में गिरावट से राहत
बारिश और बादलों की वजह से प्रदेश के तापमान में गिरावट देखी जा रही है। शुक्रवार को हरियाणा के अधिकतम तापमान में औसतन 4.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। राज्य का सामान्य अधिकतम तापमान भी औसतन 4.9 डिग्री सेल्सियस तक गिर चुका है। इससे स्पष्ट है कि मौसमी बदलाव ने गर्मी से थोड़ी राहत जरूर दी है।
सिरसा सबसे गर्म
हालांकि प्रदेश का सबसे गर्म जिला सिरसा रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया। लेकिन दूसरी ओर, करनाल जिले के इंद्री रेस्ट हाउस क्षेत्र में तापमान में सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई। पिछले 24 घंटों में यहां तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस तक गिरा और अब अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है।