Inkhabar Haryana, Haryana Weather Update: हरियाणा में इस साल गर्मी ने समय से पहले ही अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया है। यह तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस अधिक है, जिससे दोपहर के समय लू जैसी स्थिति बनने लगी है। लोग तेज धूप से बचने के लिए छांव की तलाश में नजर आ रहे हैं।
तेजी से बढ़ रहा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार की तुलना में सोमवार को औसत अधिकतम तापमान में 1.2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। सोमवार को हरियाणा में सबसे अधिक तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस पलवल के वाटर सर्विस डिवीजन (एडब्ल्यूएस) में रिकॉर्ड किया गया। यह स्थिति राज्य में बढ़ती गर्मी के संकेत दे रही है, जिससे लोगों को सावधान रहने की जरूरत है।
आने वाले दिनों का मौसम कैसा रहेगा?
मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार, आगामी दिनों में हरियाणा में मौसम साफ रहने की संभावना है। दिन के समय तेज धूप निकलेगी और 10-15 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं। दिन का तापमान गर्म रहेगा जबकि रातें अपेक्षाकृत ठंडी बनी रहेंगी।
किसानों के लिए अनुकूल मौसम
खुले और साफ मौसम को किसान लावणी (खड़ी फसल की कटाई) के लिए अनुकूल मान रहे हैं। धूप और सूखी हवाएं फसल की कटाई और भंडारण में मदद करेंगी, जिससे किसानों को राहत मिलेगी।