Inkhabar Haryana, Haryana Weather Update: मई की तपिश के बीच हरियाणा में मौसम ने करवट ली है। आने वाले चार दिन यानी 9 मई से 12 मई तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार, कुछ जिलों में बादलों की गर्जना के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, तो कुछ क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
13 जिलों में बादल बरसने को तैयार
शुक्रवार, 9 मई को हरियाणा के 13 जिलों—पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात—में 25% तक बारिश की संभावना है। वहीं, सिरसा, फतेहाबाद, कैथल, जींद, भिवानी, चरखी दादरी, रेवाड़ी, हिसार और महेंद्रगढ़ जैसे 9 जिलों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।
शनिवार को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र जिलों में 25-50% तक बारिश हो सकती है। इसके साथ ही तेज हवाएं चलने का अनुमान भी लगाया गया है, जिससे जनजीवन पर हल्का असर पड़ सकता है। अन्य 12 जिलों—कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, मेवात, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़—में हल्की बारिश की 25% संभावना जताई गई है। वहीं, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है।
अंबाला सबसे ज्यादा बारिश वाला और गर्म जिला
इस बीच, अंबाला जिले ने एक बार फिर मौसम परिवर्तन में प्रमुख भूमिका निभाई। गुरुवार को प्रदेश में सबसे अधिक वर्षा अंबाला में दर्ज की गई। दिलचस्प बात यह रही कि बारिश के बावजूद, अंबाला का तापमान अन्य जिलों की तुलना में अधिक बना रहा, जिससे यह राज्य का सबसे गर्म और नमीयुक्त जिला भी बन गया।