पहाड़ों पर हो रही लगातार बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में साफ देखा गया, जहां ठंड अपने चरम पर थी। हालांकि, पिछले तीन दिनों से दिन के समय धूप खिलने और हवाओं के धीमे पड़ने से मौसम में सुधार हुआ है। दिन का तापमान अब 22 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है, जबकि रात का तापमान 7 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, बुधवार को प्रदेश के 13 जिलों में बारिश होने की संभावना है। दक्षिण और दक्षिण-पूर्व के सभी 10 जिलों में बारिश के आसार हैं, जबकि उत्तर, पश्चिम और दक्षिण-पश्चिमी इलाकों के कुछ जिलों में भी बारिश हो सकती है। इसको लेकर करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, भिवानी और चरखी दादरी में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि बारिश के बाद एक बार फिर मौसम साफ हो जाएगा। हालांकि, इसके बाद रात के तापमान में गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड का असर बढ़ सकता है।