Inkhabar Haryana, Haryana Weather Update: हरियाणा में बुधवार देर शाम अचानक मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल गया। जहां दिनभर तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया, वहीं शाम होते-होते पश्चिमी हवाओं ने मौसम में ठंडक घोल दी। लेकिन यह राहत ज्यादा देर टिक नहीं सकी, क्योंकि इस बदलाव के साथ ही तेज आंधी और बारिश ने कई जिलों में कहर बरपा दिया।
बारिश और ओलों ने बढ़ाई चिंता
यमुनानगर, कैथल, कुरुक्षेत्र और पंचकूला जिलों में तेज बारिश हुई, जबकि कुरुक्षेत्र के पिहोवा क्षेत्र में ओले गिरने की भी खबर है। 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवाओं ने लोगों को संभलने का मौका तक नहीं दिया। करीब 45 मिनट तक लगातार चलती आंधी से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।
तूफान से मची तबाही
तेज हवाओं के कारण कई जगहों पर पेड़ और बिजली के खंभे टूटकर गिर गए, जिससे यातायात और बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। कई इलाकों में सड़कों पर गिरे पेड़ घंटों तक जाम का कारण बने रहे। इस अचानक आए मौसम परिवर्तन से न सिर्फ जन-धन का नुकसान हुआ, बल्कि कुछ परिवारों को अपनों की जान से भी हाथ धोना पड़ा।
प्रशासन सतर्क, अलर्ट जारी
तेज हवाओं और बारिश के चलते प्रशासन ने सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। बिजली विभाग और नगर निगम की टीमें सड़कों से मलबा हटाने और टूटे खंभों की मरम्मत में जुटी हैं। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक ऐसी ही स्थिति बने रहने की संभावना जताई है।