Inkhabar Haryana, Haryana Weather Update: हरियाणा में गर्मी से जूझते लोगों को राहत देने वाली बारिश ने आखिरकार दस्तक दे दी है। पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होते ही राज्य भर में मौसम का मिज़ाज पूरी तरह से बदल गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, सोमवार (2 जून) को हरियाणा के अधिकांश जिलों में बारिश और तेज़ हवाओं की संभावना है। विभाग ने 50 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के मद्देनजर येलो अलर्ट भी जारी कर दिया है।
पिछले एक सप्ताह से मौसम में लगातार बदलाव
हरियाणा में पिछले करीब एक सप्ताह से मौसम में बदलाव की स्थिति बनी हुई है। 23 मई से लेकर 29 मई तक के बीच राज्य में औसतन 60 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से कहीं ज्यादा है। इस दौरान कई जगहों पर रुक-रुक कर झमाझम बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लू के प्रकोप से लोगों को राहत मिली।
मई में टूटा 17 साल पुराना रिकॉर्ड
आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, मई 2025 में हरियाणा में औसत 59.7 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से कहीं अधिक है। हालांकि यह 2008 में दर्ज 72.1 मिमी बारिश से कम है, लेकिन यह भी उल्लेखनीय है कि पिछले 17 वर्षों में मई माह में यह सबसे अधिक बारिश है। इससे पहले मई के महीने में इतनी बारिश नहीं देखी गई थी। ऐसे में साफ है कि जलवायु में परिवर्तन की छाया अब आम मौसम पैटर्न पर स्पष्ट रूप से दिखने लगी है।
जून की शुरुआत भी भीगी भीगी
जून की शुरुआत भी बारिश के साथ हुई है। 1 जून को हरियाणा के 6 जिलों गुरुग्राम, नूंह, फरीदाबाद, चरखी दादरी, भिवानी और झज्जर में हल्की बारिश दर्ज की गई। कई अन्य स्थानों पर भी बूंदाबांदी की सूचना मिली है। नारनौल में तेज हवाओं की वजह से पेड़ सड़क पर गिर गए, जिससे स्थानीय यातायात बाधित हुआ।
दोपहर के बाद चरखी दादरी और भिवानी में मौसम अचानक बदल गया। आसमान में काले बादल छा गए और ठंडी हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई। मौसम विभाग ने महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, भिवानी, रेवाड़ी, झज्जर, फरीदाबाद, पलवल, रोहतक और हिसार जिलों में आंधी व बारिश की चेतावनी जारी की थी, जो काफी हद तक सटीक साबित हुई।
तेज हवाओं और बारिश से गर्मी पर ब्रेक
तेज बारिश और हवाओं की वजह से हरियाणा में पड़ी भीषण गर्मी पर फिलहाल कुछ हद तक ब्रेक लग गया है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि यह बारिश राज्य में हीटवेव (लू) की स्थिति को कम करेगी और लोगों को गर्म हवा और उमस से राहत मिलेगी। हालांकि, बारिश के बाद उमस बढ़ने की संभावना भी बनी रहेगी, लेकिन तापमान में गिरावट से दिनचर्या पर सकारात्मक असर पड़ेगा।