Inkhabar Haryana, Haryana Weather Update: हरियाणा में मौसम के करवट बदलने की फिलहाल कोई उम्मीद नहीं दिख रही है। पिछले 24 घंटे में बारिश के साथ चली तेज हवाओं ने प्रदेशवासियों को उमस भरी गर्मी से राहत जरूर दी, लेकिन इसका असर आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली-एनसीआर समेत हरियाणा के अधिकतर जिलों में अभी बरसात का सिलसिला थमने वाला नहीं है। आने वाले पांच दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में रुक-रुक कर कभी हल्की तो कभी तेज बारिश होती रहेगी।
ठंडी हवाओं से मिली राहत
सोमवार सुबह से ही आसमान में बादलों का डेरा था। दोपहर बाद 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी और उसके बाद हुई झमाझम बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। ठंडी हवाओं ने लोगों को उमस और चिपचिपी गर्मी से राहत दी।
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक फरीदाबाद समेत पूरे दिल्ली-एनसीआर में अब लगातार बरसात देखने को मिलेगी। यह सिलसिला कम से कम पांच दिन और जारी रहेगा। इस दौरान कभी हल्की फुहारें तो कभी तेज बारिश का दौर चलता रहेगा।