Inkhabar Haryana, Haryana Weather Update: हरियाणा में एक बार फिर ठंड ने दस्तक दे दी है। हाल ही में तापमान में मामूली बढ़ोतरी देखने को मिली थी, लेकिन अब पहाड़ों पर बर्फबारी और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण राज्य में सर्दी लौट आई है। मौसम विभाग के अनुसार, 12 फरवरी तक हरियाणा में मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन 8 और 9 फरवरी को कुछ जिलों में बादल छा सकते हैं और हल्की बारिश भी हो सकती है। इस बदलाव के कारण दिन के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से 8 से 12 फरवरी तक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी और बारिश होने की संभावना है। इसका असर हरियाणा में भी देखने को मिलेगा, जिससे तापमान में गिरावट जारी रहेगी। राज्य के कई हिस्सों में सुबह और रात के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जा सकता है।
हरियाणा में तापमान का हाल
प्रदेश में न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस सोनीपत में दर्ज किया गया है। करनाल में तापमान 7.2 डिग्री, हिसार में 7.4 डिग्री, फतेहाबाद में 7.3 डिग्री और सिरसा में 7.0 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से कम है। वहीं, सबसे अधिक न्यूनतम तापमान गुरुग्राम में 11.4 डिग्री और फरीदाबाद में 10.2 डिग्री रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक हरियाणा में सर्दी का असर बना रहेगा। हालांकि, दिन के समय धूप निकलने से थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन सुबह और रात के तापमान में गिरावट जारी रहने की संभावना है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से ठंड का असर विशेष रूप से खुले क्षेत्रों और ग्रामीण इलाकों में अधिक महसूस किया जाएगा।