Inkhabar Haryana, Haryana Weather Update: हरियाणा में गुरुवार को एक बार फिर से मौसम ने करवट ली है। मौसम विभाग ने प्रदेश के तीन जिलों पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में भारी से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
कहां कितनी बारिश की संभावना है?
हरियाणा को मौसम की दृष्टि से अलग-अलग हिस्सों में बांटते हुए मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि आज प्रदेश के 10 जिलों – सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में 0 से 25 प्रतिशत क्षेत्रों में ही बारिश की संभावना है। इसका मतलब है कि इन जिलों में बारिश छिटपुट और सीमित इलाकों तक सीमित रहेगी।
वहीं, 8 जिलों – कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल में 25 से 50 प्रतिशत हिस्सों में वर्षा के आसार हैं। यहां कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। सबसे अधिक बारिश की संभावना पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और कैथल जिलों में जताई गई है। इन जिलों के 75 से 100 प्रतिशत हिस्सों में बारिश होने की संभावना है, जिससे इन क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हो सकता है। लोगों को बाहर निकलते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
कल के मौसम का हाल
23 जुलाई को हरियाणा के अधिकतर जिलों में हल्की बारिश देखने को मिली थी। हालांकि दोपहर के बाद अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ हो गया था। बारिश के बावजूद तापमान में खास गिरावट दर्ज नहीं की गई। सिरसा में जहां अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं सबसे कम तापमान सोनीपत में 28.7 डिग्री सेल्सियस रहा। गुरुवार सुबह हरियाणा का सामान्य तापमान 27°C रिकॉर्ड किया गया, लेकिन हवा की गति और नमी के कारण तापमान का असर 31°C जैसा महसूस हो सकता है।