Advertisement
Advertisement
होम / Heat Wave Alert in Haryana: हरियाणा में हीट वेव अपने चरम पर, लोगों का हाल हुआ बेहाल, जानें क्या कि डॉक्टरों ने जनता से अपील?

Heat Wave Alert in Haryana: हरियाणा में हीट वेव अपने चरम पर, लोगों का हाल हुआ बेहाल, जानें क्या कि डॉक्टरों ने जनता से अपील?

BY: • LAST UPDATED : June 14, 2025
Inkhabar Haryana, Heat Wave Alert in Haryana: पूरा उत्तर भारत इस समय भयंकर हीट वेव की चपेट में है और अंबाला में गर्मी का कहर कुछ ज़्यादा ही कहर बनकर टूटा है। लगातार बढ़ते तापमान और झुलसा देने वाली लू के कारण आम लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। ज़रूरी कामों के लिए बाहर जाने वाले लोग मुँह और सिर को कपड़े से ढककर किसी तरह राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं।

गर्मी से बेहाल अंबाला की सड़कों पर राहत की छबीलें

अंबाला की गलियों और बाजारों में इन दिनों एक आम नज़ारा देखने को मिल रहा है  जगह-जगह छबीलें (मीठे व ठंडे पानी की सेवा) लगाई गई हैं ताकि राहगीरों को कुछ राहत मिल सके। इन छबीलों पर लोग रुककर ठंडा पानी पीते हैं और कुछ पल के लिए गर्मी से राहत महसूस करते हैं। जूस और अन्य तरल पदार्थों की खपत भी इन दिनों बढ़ गई है।स्थानीय निवासी गौरव का कहना है कि गर्मी इतनी तेज़ है कि बिना मुँह और सिर को ढके घर से निकलना मुश्किल हो गया है। हम बार-बार अपने कपड़े को ठंडे पानी से भिगो लेते हैं, ताकि थोड़ी राहत मिल सके। वहीं एक छात्र जितेंद्र का कहना है कि छबीलों से हमें काफी राहत मिलती है, वरना ये गर्मी तो झुलसा कर रख देती है।

तापमान में मामूली गिरावट

हालांकि शुक्रवार को तापमान में कुछ हल्की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन हीट वेव का असर अब भी पूरे जोर पर है। लोग केवल अत्यंत आवश्यक कामों के लिए ही बाहर निकल रहे हैं। दिन के समय सड़कों पर सन्नाटा छाया रहता है, और लोग शाम के समय ही बाहर निकलने को प्राथमिकता दे रहे हैं।

डॉक्टरों की अपील

भीषण गर्मी के कारण अंबाला के सरकारी अस्पतालों में भी मरीजों की संख्या बढ़ गई है। खासकर डिहाइड्रेशन, लू लगने और सिरदर्द की शिकायतें लेकर लोग अस्पताल पहुंच रहे हैं। नागरिक अस्पताल के डॉक्टर जोगिंदर ने बताया कि गर्मी से बचाव के लिए जरूरी है कि लोग दोपहर 12 से 4 बजे के बीच घर से बाहर न निकलें। समय-समय पर पानी पीते रहें, सिर और मुँह को ढककर रखें और बुजुर्गों व बच्चों का विशेष ध्यान रखें। यदि बाहर जाना ज़रूरी हो तो शाम को ही निकलें।

Advertisement