Inkhabar Haryana, Heat Wave in Haryana: हरियाणा के अंबाला और फरीदाबाद समेत कई जिलों में इन दिनों सूरज मानो आग उगल रहा है। गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है और पारा 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़ों ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। गर्म हवाएं, सूनी सड़कें और सुस्त पड़े बाजार इस बात की गवाही दे रहे हैं कि लोग अब घरों से निकलने में भी हिचकिचा रहे हैं।
अंबाला में तपिश का कहर, लोग तरबतर
पिछले कई दिनों से अंबाला शहर झुलसती गर्मी की चपेट में है। तापमान के 40 डिग्री से ऊपर पहुंचने के बाद शहरवासियों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सड़कों पर सन्नाटा पसरा है, बाजारों की रौनक जैसे गायब हो गई है। जरूरी काम के लिए घरों से निकल रहे लोग सिर पर गमछा या कपड़ा ढककर, नींबू पानी और गन्ने के रस का सहारा ले रहे हैं।
शहर में जगह-जगह लगे ठेले, ठंडे पेय पदार्थों की दुकानों पर भीड़ बढ़ गई है। लोग जूस, शिकंजी और नारियल पानी पीकर राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं। कई स्थानों पर लू की चपेट में आकर लोग चक्कर खाते हुए भी नजर आए। अस्पतालों में गर्मी से संबंधित बीमारियों के मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है।
फरीदाबाद में भी गर्मी ने पकड़ी रफ्तार
फरीदाबाद में भी हालात कुछ ऐसे ही हैं। यहां दिन-ब-दिन तापमान बढ़ता जा रहा है और आमजन को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वो घर से निकलने से पहले सिर को ढकते हैं और पर्याप्त मात्रा में पानी पीकर ही बाहर जाते हैं। बुजुर्गों और बच्चों के लिए यह मौसम बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया है। डॉक्टरों की सलाह है कि इस मौसम में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में निकलने से बचें, क्योंकि यही वह समय है जब लू का असर सबसे अधिक होता है।
कामकाज पर पड़ा असर, सुनसान हुए बाजार
गर्मी की वजह से न सिर्फ लोगों का स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है, बल्कि बाजार और कामकाज पर भी इसका असर साफ देखा जा सकता है। कई दुकानदारों का कहना है कि दोपहर के समय ग्राहक न के बराबर आते हैं, जिससे कारोबार धीमा पड़ गया है। रिक्शा चालक, मजदूर और अन्य दिहाड़ी मजदूर जो खुले आसमान के नीचे काम करते हैं, उनके लिए यह मौसम जानलेवा साबित हो रहा है। कुछ मजदूरों ने बताया कि उन्हें काम के दौरान सिर चकराने और थकावट की शिकायत हो रही है। स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन की ओर से लगातार चेतावनी दी जा रही है कि लोग गर्मी से बचने के उपाय करें। अधिक से अधिक पानी पीएं, ठंडे पेय लें, ढीले और सूती कपड़े पहनें, और दोपहर के समय धूप से बचें।