Inkhabar Haryana, Landslide in Panchkula: हरियाणा में लगातार हो रही बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। पंचकूला के मोरनी क्षेत्र में स्थित नीम वाला गांव की ओर जाने वाली सड़क पर रविवार देर रात बड़ा भूस्खलन (लैंडस्लाइड) हो गया। भारी बारिश की वजह से सड़क का एक बड़ा हिस्सा धंस गया और मलबा सड़क पर फैल गया, जिससे मार्ग पूरी तरह से बाधित हो गया।
कैसे हुआ हादसा?
बारिश के चलते नीम वाला रोड पर अचानक लैंडस्लाइड हो गया। देखते ही देखते सड़क पर मिट्टी, भारी पत्थर और पेड़ गिर गए, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। यह रास्ता मोरनी के कई गांवों को पंचकूला से जोड़ता है, इसलिए इसका बंद होना क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए बहुत बड़ी समस्या बन गया है।
बचाव और राहत कार्य शुरू
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। जेसीबी मशीनों की मदद से सड़क से मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। प्रशासन का दावा है कि जल्द ही रास्ते को खोल दिया जाएगा, ताकि फंसे हुए लोग सुरक्षित स्थानों तक पहुंच सकें।
प्रशासन ने क्या कहा?
एक वरिष्ठ अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि हमें जैसे ही सूचना मिली, हमारी टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू कर दिया। हमारी कोशिश है कि रास्ता जल्द से जल्द साफ हो और किसी प्रकार की जनहानि न हो। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए भी पंचकूला और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा से फिलहाल बचें और सतर्क रहें।