Inkhabar Haryana, Waterlogging in Bahadurgarh: हरियाणा के बहादुरगढ़ में गुरुवार को हुई सुबह और देर रात की बारिश ने जहां एक ओर मौसम को खुशनुमा बना दिया, वहीं दूसरी ओर शहरवासियों की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं। शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है, जिससे आमजन को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्कूल के बाहर भरा पानी
सबसे ज्यादा परेशानी का सामना सेक्टर-6 स्थित प्राइमरी स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों और उनके अभिभावकों को करना पड़ रहा है। स्कूल के बाहर बारिश का पानी भर गया है, जिससे स्कूल जाने वाले बच्चों को कीचड़ और बरसाती पानी के बीच होकर गुजरना पड़ रहा है। पानी भरे होने की वजह से सड़कों पर बने गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे बच्चों के फिसलने और चोटिल होने का खतरा भी बना हुआ है।
सुबह के समय जब बच्चे स्कूल पहुंच रहे थे, तब कई अभिभावकों ने बताया कि हर बार थोड़ी सी बारिश के बाद भी स्कूल के बाहर यही हालत हो जाते हैं। जलभराव के चलते बच्चों के कपड़े और जूते पूरी तरह भीग जाते हैं, जिससे वे दिनभर स्कूल में असहज महसूस करते हैं। कुछ माता-पिता को बच्चों को गोद में उठाकर स्कूल के अंदर तक छोड़ना पड़ा।
प्रशासन पर उठे सवाल
स्थानीय निवासी और अभिभावकों ने नगर प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह कोई पहली बार नहीं है, जब बारिश के बाद जलभराव हुआ हो। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है। स्कूल के बाहर के नालों की सफाई न होना, जलनिकासी की सही व्यवस्था न होना और बरसात से पहले की जाने वाली तैयारियों में प्रशासन की लापरवाही इन हालात के मुख्य कारण बताए जा रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूल परिसर के भीतर और बाहर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि बच्चों की पढ़ाई और उनकी सुरक्षा पर इसका असर न पड़े।